जयपुर एयरपोर्ट पर ट्रोलिंग का जवाब, वीडियो में देखें मामे खान बोले- “म्हैं राजस्थानी सूं, म्हानै घणो गर्व है”
जयपुर एयरपोर्ट पर अंग्रेजी में बातचीत को लेकर ट्रोल किए जाने के बाद मशहूर लोक गायक मामे खान ने रविवार को अपने अंदाज में करारा जवाब दिया। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि उन्हें अपनी मातृभाषा और संस्कृति पर गर्व है।
दरअसल, पिछली बार जयपुर आने पर मामे खान से अंग्रेजी में बातचीत को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए गए थे। कुछ लोगों ने पूछा था कि जब वे राजस्थान में हैं तो राजस्थानी भाषा में बात क्यों नहीं करते। इस पर सिंगर ने कहा कि भाषा संवाद का माध्यम है, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़ाव सबसे अहम है।
रविवार को जयपुर एयरपोर्ट पर उन्होंने राजस्थानी में ही जवाब देते हुए कहा— “म्हैं राजस्थानी सूं और राजस्थानी बोलवां में म्हानै घणो गर्व है। सबसे पहले मैं हिन्दुस्तानी हूं, इसके बाद राजस्थानी हूं। राजस्थानी भाषा और यहां का संगीत मेरी जान है।” उनके इस बयान के बाद वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनका समर्थन किया।
मामे खान ने यह भी स्पष्ट किया कि वे जहां जरूरत होती है, वहां हिंदी या अंग्रेजी में भी बात करते हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग उन्हें समझ सकें। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे अपनी भाषा और संस्कृति को भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि कलाकार का दायरा सीमित नहीं होता, वह हर मंच पर अपनी कला के जरिए लोगों से जुड़ता है।
बातचीत के दौरान माहौल तब और खास हो गया जब मामे खान ने एयरपोर्ट परिसर में ही अपना मशहूर गीत ‘चौधरी’ गुनगुनाना शुरू कर दिया। उनके सुरों की गूंज सुनकर वहां यात्रियों और प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने मोबाइल फोन पर वीडियो रिकॉर्ड किए और सोशल मीडिया पर शेयर किए।
गौरतलब है कि ‘चौधरी’ गीत ने मामे खान को देशभर में नई पहचान दिलाई थी। इस गाने के जरिए उन्होंने राजस्थानी लोक संगीत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया। एयरपोर्ट पर अचानक हुए इस मिनी-परफॉर्मेंस ने यात्रियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी और माहौल खुशनुमा हो गया।
सोशल मीडिया पर भी उनके इस बयान और गाने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स ने उनके आत्मविश्वास और अपनी संस्कृति के प्रति गर्व को सराहा है।
मामे खान का यह अंदाज एक बार फिर साबित करता है कि भाषा चाहे कोई भी हो, कलाकार की असली पहचान उसकी जड़ों और उसके सुरों से होती है।

