Samachar Nama
×

RBSE 12th Result 2025: बेटियों ने फिर लहराया परचम तीनों संकायों में छात्रों से आगे रहीं बालिकाएं, जानिए कितने प्रतिशत बच्चे हुए पास 

RBSE 12th Result 2025: बेटियों ने फिर लहराया परचम तीनों संकायों में छात्रों से आगे रहीं बालिकाएं, जानिए कितने प्रतिशत बच्चे हुए पास 

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) की ओर से 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। परीक्षार्थियों का काफी लंबा इंतजार खत्म हो गया है। सभी परीक्षार्थी आरबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। बोर्ड ने विज्ञान, वाणिज्य और कला तीनों संकायों का परिणाम एक साथ जारी किया है। इस बार विज्ञान का परिणाम 98.43%, वाणिज्य का 99.07% और कला का 97.78% रहा है। इस बार भी प्रदेश में बेटियों ने बाजी मारी है।

शिक्षा मंत्री ने नागौर से की घोषणा

राजस्थान के स्कूली शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने नागौर के जिला कलेक्टर कार्यालय में शाम 5 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिणाम जारी किया। इस दौरान उन्होंने तीनों संकायों के टॉपर्स से फोन पर बात भी की। बोर्ड प्रशासक महेश चंद शर्मा और सचिव कैलाश शर्मा ने अजमेर स्थित आरबीएसई कार्यालय में परीक्षा से जुड़ी जानकारी साझा की।

परीक्षा संचालन एवं पंजीकरण
इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 6 मार्च से 7 अप्रैल 2025 तक आयोजित की गई थी। इसमें कुल 8,93,616 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें विज्ञान संकाय में 2,73,984, वाणिज्य में 28,250, कला में 5,87,475 तथा वरिष्ठ उपाध्याय में 3,907 विद्यार्थी शामिल थे।

विज्ञान संकाय में 98.43% परिणाम
परीक्षा में कुल 2,73,915 विद्यार्थियों में से 2,72,138 विद्यार्थी उपस्थित हुए। उत्तीर्ण प्रतिशत 98.43% रहा। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 98.07% तथा बालिकाओं का 99.02% रहा। 1,45,102 बालक तथा 1,02,832 बालिकाएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई।

वाणिज्य संकाय में 99.07% परिणाम
परीक्षा में कुल 28,248 विद्यार्थियों में से 28,010 विद्यार्थी उपस्थित हुए। परिणाम 99.07% रहा, जिसमें लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 98.97% तथा लड़कियों का 99.27% ​​रहा। प्रथम श्रेणी में 13,689 लड़के तथा 9,373 लड़कियां सफल रहीं।

कला संकाय में 97.78% परिणाम

परीक्षा में कुल 5,87,444 में से 5,78,164 विद्यार्थी शामिल हुए। उत्तीर्ण प्रतिशत 97.78% रहा। लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 97.09% तथा लड़कियों का 98.42% रहा।

व्हाट्सएप हेल्पलाइन सुविधा
छात्रों की सुविधा के लिए बोर्ड ने जिलेवार व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इनके माध्यम से परिणाम से संबंधित जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है।

Share this story

Tags