Samachar Nama
×

राजस्थान रोडवेज को मिली 207 नई बसें, वीडियो में देखें CM भजनलाल शर्मा दिखाएंगे हरी झंडी

राजस्थान रोडवेज को मिली 207 नई बसें, वीडियो में देखें CM भजनलाल शर्मा दिखाएंगे हरी झंडी

राजस्थान में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के बेड़े में 207 नई बसें शामिल होने जा रही हैं, जिन्हें गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह कार्यक्रम जयपुर के अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल पर सुबह करीब सवा 9 बजे आयोजित किया जाएगा। इस दौरान राज्य में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से इन बसों को विभिन्न रूट्स पर संचालन के लिए भेजा जाएगा।

नई बसों में एक्सप्रेस, एसी और नॉन एसी कैटेगरी की गाड़ियां शामिल हैं। इनमें ब्ल्यू लाइन 3x2 एक्सप्रेस बसें, नॉन एसी 2x2 और एसी 2x2 मॉडल की बसें शामिल हैं। इन बसों को यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिससे सफर और अधिक सुरक्षित व आरामदायक हो सके।

दरअसल, राज्य सरकार ने बजट में आम लोगों को बेहतर और सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नई बसों को शामिल करने की घोषणा की थी। उसी के तहत अब रोडवेज को 207 सर्विस मॉडल की बसें मिल चुकी हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से सड़कों पर उतारा जा रहा है। इन बसों के संचालन से प्रदेश के अलग-अलग जिलों और रूट्स पर यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा, जहां परिवहन सुविधाएं सीमित हैं।

सरकार का मानना है कि नई बसों के शामिल होने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि रोडवेज की सेवाओं में भी सुधार आएगा। इसके साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। इस पहल को राज्य में यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Share this story

Tags