राजस्थान में रसोई गैस बुकिंग नियमों में बदलाव, ग्रामीण क्षेत्रों में 25 दिन बाद ही बुकिंग, वीडियो में देंखे आपूर्ति व्यवस्था पर नजर
राजस्थान में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की बुकिंग को लेकर एक बार फिर नियमों में बदलाव किया गया है। अब राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता सिलेंडर की बुकिंग केवल 25 दिन बाद ही कर सकेंगे। इससे पहले, करीब 10 दिन पहले रसोई गैस की किल्लत को देखते हुए कंपनियों ने बुकिंग अवधि को बढ़ाकर 45 दिन कर दिया था।संचालकों के अनुसार, ग्रामीण इलाकों में रसोई गैस का उपयोग अपेक्षाकृत कम होता है, जिसके चलते वहां आमतौर पर सिलेंडर की बुकिंग एक महीने या उससे भी अधिक अंतराल में होती है। ऐसे में 45 दिन की बुकिंग अवधि लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में देरी हो रही थी, जिससे डिलीवरी का समय और बढ़ गया था।
इसी स्थिति को देखते हुए अब बुकिंग अवधि को घटाकर 25 दिन किया गया है, ताकि ग्रामीण उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके और आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित रखा जा सके। अधिकारियों का मानना है कि इस बदलाव से डिलीवरी प्रक्रिया में सुधार आएगा और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।वहीं, शहरी क्षेत्रों में सिलेंडर बुकिंग के नियमों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। शहरों में उपभोक्ता 25 दिन बाद ही अगला सिलेंडर बुक कर सकते हैं। शहरों में गैस की मांग अधिक होने के कारण पहले से ही यह व्यवस्था लागू है और इसे जारी रखा गया है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर कुछ जगहों पर किल्लत की शिकायतें सामने आई थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनियों और संबंधित विभाग ने आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यह कदम उठाया था।विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के बदलाव आपूर्ति और मांग के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए जरूरी होते हैं। हालांकि, उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से गैस की उपलब्धता बेहतर होगी और उन्हें सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। फिलहाल, राज्य में लागू इस नई व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है और आने वाले दिनों में इसके असर का आकलन किया जाएगा।

