राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी में फिर बदलाव, वीडियो में जानें नए सदस्यों की एंट्री के साथ भाजपा MLA के बेटे को बनाया अध्यक्ष
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी में राज्य सरकार ने एक बार फिर बड़ा बदलाव किया है। इस फेरबदल में कमेटी के कन्वीनर समेत कुछ सदस्यों को बदला गया है, जबकि कुछ को दोबारा मौका दिया गया है। सरकार ने डीडी कुमावत की जगह भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव को नया कन्वीनर नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को राजनीतिक और खेल प्रशासन के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
इसके साथ ही कमेटी में दो नए चेहरों को शामिल किया गया है। इनमें पूर्व मंत्री चंद्रराज सिंघवी के पोते अरिष्ट सिंघवी और हनुमानगढ़ के भादरा से विधायक संजीव बेनीवाल के बेटे अर्जुन बेनीवाल को सदस्य बनाया गया है। वहीं, नई एडहॉक कमेटी में कुछ पुराने सदस्यों को भी बरकरार रखा गया है। इनमें स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह खींवसर और बीजेपी सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी को फिर से जगह दी गई है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने इस एडहॉक कमेटी का कार्यकाल 9वीं बार बढ़ाया है, जो अपने आप में एक बड़ा मुद्दा बन गया है। लंबे समय से RCA में नियमित चुनाव नहीं होने को लेकर सवाल उठते रहे हैं। बार-बार कमेटी में बदलाव और कार्यकाल बढ़ाने से क्रिकेट प्रशासन पर असर पड़ सकता है। वहीं, राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

