जयपुर में अवैध शराब और मटन के अड्डों पर पुलिस की दबिश, वीडियो में देखें 50 से 60 लोग पकड़े गए; 50 जवानों ने की कार्रवाई
राजधानी जयपुर में अवैध रूप से शराब पिलाने और मटन खिलाने वाले ठिकानों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। रविवार देर रात करधनी थाना क्षेत्र में रावण गेट के पास संचालित ऐसे अड्डों पर करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर 50 से 60 लोग अलग-अलग समूहों में बैठकर शराब और मटन का सेवन करते मिले। पुलिस ने सभी को डिटेन कर आगे की कार्रवाई के लिए करधनी थाना पुलिस को सौंप दिया।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान ने बताया कि 22 नवंबर 2026 को सीएसटी, लाइन जाप्ता और करधनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। इसमें करीब 50 पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि रावण गेट के पास कुछ स्थानों पर अवैध रूप से लोगों को शराब पिलाई जा रही है और मटन परोसा जा रहा है।
अलग-अलग समूहों में बैठे मिले लोग
पुलिस टीम ने जब इन ठिकानों पर दबिश दी तो वहां 50 से 60 लोग अलग-अलग समूहों में बैठे मिले। सभी शराब और मटन का सेवन कर रहे थे। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने सभी लोगों को मौके से डिटेन किया और आगे की कार्रवाई के लिए करधनी थाने पहुंचाया।
इलाके में अव्यवस्था की शिकायतों के बाद कार्रवाई
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान के मुताबिक, इन ठिकानों पर लोगों के जमावड़े से आसपास के क्षेत्र में आमजन के जीवन में अव्यवस्था पैदा हो रही थी। इसे देखते हुए पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि शहर में ऐसे अवैध रूप से संचालित ठिकानों को चिह्नित किया जा रहा है। जिन स्थानों पर नियमों के विरुद्ध गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिलेगी, वहां लगातार दबिश देकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से शराब परोसने वाले ठिकानों पर निगरानी बढ़ने की उम्मीद है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आमजन को परेशानी पहुंचाने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

