जयपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म 1A-1B पर टॉयलेट नहीं, वीडियो में जाने यात्रियों को हो रही परेशानी
जयपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 1A और 1B पर यात्रियों के लिए टॉयलेट की सुविधा नहीं होने से परेशानी बढ़ गई है। करीब 900 मीटर लंबे इस प्लेटफॉर्म से रोजाना दिल्ली, रेवाड़ी, सीकर, उदयपुर और जैसलमेर समेत कई रूटों की 20 से ज्यादा ट्रेनें संचालित होती हैं। ऐसे में यहां रोजाना बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं। प्लेटफॉर्म पर स्थानीय यात्रियों के साथ लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्री भी ट्रेन का इंतजार करते हैं। लेकिन पूरे प्लेटफॉर्म पर टॉयलेट नहीं होने के कारण यात्रियों को जरूरत पड़ने पर दूसरे प्लेटफॉर्म की ओर जाना पड़ता है।
जरूरत पड़ने पर दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाना पड़ता है
यात्रियों के मुताबिक, प्लेटफॉर्म 1A और 1B काफी लंबा है, लेकिन यहां कहीं भी वॉशरूम की सुविधा उपलब्ध नहीं है। टॉयलेट की जरूरत होने पर यात्रियों को दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाना पड़ता है।कई यात्री ट्रेन के आने का इंतजार करते रहते हैं, ताकि ट्रेन में बने टॉयलेट का इस्तेमाल कर सकें। इससे खासतौर पर उन यात्रियों को परेशानी होती है, जिन्हें ट्रेन आने में काफी समय बाकी होता है।
महिला यात्रियों के लिए ज्यादा परेशानी
प्लेटफॉर्म पर टॉयलेट की सुविधा नहीं होने से महिला यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि पूरे प्लेटफॉर्म पर कहीं भी वॉशरूम नहीं होने के कारण महिलाओं के लिए स्थिति मुश्किल हो जाती है।पुरुष यात्री किसी तरह दूसरे प्लेटफॉर्म या अन्य उपलब्ध विकल्पों का इस्तेमाल कर लेते हैं, लेकिन महिला यात्रियों के सामने ज्यादा परेशानी होती है। लंबे समय तक ट्रेन का इंतजार करने वाली महिलाओं को टॉयलेट के लिए प्लेटफॉर्म बदलना पड़ता है।
यात्री ने बताई अपनी परेशानी
यात्री रितु शर्मा ने बताया कि उनकी ट्रेन आने में करीब एक से डेढ़ घंटे का समय बाकी था। वह करीब एक घंटे से प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रही थीं, लेकिन उन्हें कहीं भी टॉयलेट की सुविधा नहीं मिली।रितु शर्मा के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर कई महिलाएं टॉयलेट की सुविधा के लिए परेशान होती हैं। उन्हें भी वॉशरूम का इस्तेमाल करना था, लेकिन प्लेटफॉर्म पर इसकी कोई व्यवस्था नहीं थी।
रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही
प्लेटफॉर्म 1A और 1B से रोजाना 20 से ज्यादा ट्रेनें अलग-अलग रूटों पर संचालित होती हैं। इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के अलावा रोजाना अप-डाउन करने वाले लोग भी यहां पहुंचते हैं।ऐसे में यात्रियों की संख्या को देखते हुए प्लेटफॉर्म पर टॉयलेट और वॉशरूम जैसी मूलभूत सुविधाओं की जरूरत महसूस की जा रही है। यात्रियों ने संबंधित अधिकारियों से प्लेटफॉर्म पर जल्द से जल्द टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

