Samachar Nama
×

जयपुर में टायर गोदाम में भीषण आग, वीडियो में देखें 2 घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

जयपुर में टायर गोदाम में भीषण आग, वीडियो में देखें 2 घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

राजधानी जयपुर के संजय बाजार स्थित मिश्रा मार्केट की एक तंग गली में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जहां एक टायर गोदाम में अचानक आग लग गई। घटना करीब दोपहर पौने एक बजे की बताई जा रही है।

गोदाम चार मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित किया जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में टायर रखे हुए थे। टायर होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। संकरी गली होने की वजह से दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही लालकोठी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब चार दमकल गाड़ियों ने लगातार दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, यह चार मंजिला इमारत शहजाद, फुरकान और शाहनवाज की है। इमारत का ग्राउंड फ्लोर ब्लैक स्टोन टायर गोदाम कंपनी को किराए पर दिया गया था, जहां राकेश धूत द्वारा टायर स्टोर किए जाते थे। वहीं ऊपर की तीन मंजिलों पर लोग निवास करते हैं।

प्रत्यक्षदर्शी इमरान ने बताया कि वह उसी इमारत में मौजूद थे। अचानक धुआं उठता देख अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए उन्हें एक मंजिल से कूदना पड़ा। गनीमत रही कि समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया गया।

इमारत में मौजूद चार गैस सिलेंडरों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे संभावित बड़े विस्फोट को टाल दिया गया। यदि सिलेंडर आग की चपेट में आ जाते, तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Share this story

Tags