जयपुर में आधी रात ट्रांसफॉर्मर में भीषण आग, लगातार धमाकों से दहला जालूपुरा; फुटेज में देंखे दमकल की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
राजधानी जयपुर के जालूपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। डेनी चाय वाले की गली स्थित ट्रांसपोर्ट इलाके में रात करीब 12:15 बजे एक बिजली के ट्रांसफॉर्मर में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रांसफॉर्मर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। इस दौरान लगातार तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
आधे घंटे तक होते रहे धमाके
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर में आग लगने के बाद करीब आधे घंटे तक लगातार धमाके होते रहे। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस और दमकल ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही जालूपुरा थाना प्रभारी हवा सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए लोगों को ट्रांसफॉर्मर से दूर रहने की अपील की।इसके कुछ ही देर बाद दमकल विभाग की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
समय रहते बुझी आग, टली बड़ी दुर्घटना
राहत की बात यह रही कि आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। यदि आग आसपास के प्रतिष्ठानों या वाहनों तक फैल जाती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि आग लगने से ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल ट्रांसफॉर्मर में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित बिजली विभाग और अन्य अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
लोगों में दहशत का माहौल
आधी रात हुए धमाकों और भीषण आग की वजह से इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर राहत कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया। अब जांच रिपोर्ट के बाद आग लगने की वास्तविक वजह सामने आने का इंतजार है।

