जयपुर में अवैध पटाखा गोदाम में भीषण आग, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे 8 लोगों की मौत; रिहायशी इलाके में चल रहा था अवैध कारोबार
राजस्थान की राजधानी Jaipur के खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक अवैध पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा और दो भाई भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह आग सुबह करीब 11 बजे लगी, जब गोदाम में अचानक धमाके के साथ आग फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां मौजूद लोगों को बचने का मौका तक नहीं मिल पाया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जहां यह हादसा हुआ, वह स्थान वास्तव में पटाखों का गोदाम था, जबकि असली फैक्ट्री कुछ दूरी पर स्थित थी। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह गोदाम रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था, जिससे सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी हुई।
पुलिस कमिश्नर Sachin Mittal ने बताया कि घटना की पूरी जांच की जा रही है और विस्तृत तथ्यों के सामने आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, जिस मकान में यह गोदाम चल रहा था, वह याकूब नामक व्यक्ति का है, जिसे उसने दिल्ली निवासी फिरोज को किराए पर दिया था। बताया जा रहा है कि फिरोज ने वसीम नाम के युवक के साथ मिलकर इस अवैध पटाखा कारोबार को संचालित कर रखा था।
Rajasthan में इस दर्दनाक हादसे के बाद सुरक्षा मानकों और अवैध पटाखा भंडारण को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह के खतरनाक गोदाम का संचालन प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अवैध रूप से संचालित पटाखा भंडारण और निर्माण इकाइयों के खिलाफ अब सख्त अभियान चलाया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

