जयपुर के सीतापुरा में मर्सिडीज वर्कशॉप में भीषण आग, फुटेज में देंखे 8 कारें जलकर खाक; 10 दमकलों ने 2 घंटे में पाया काबू
जयपुर के सांगानेर सदर थाना इलाके में सीतापुरा स्थित बालाजी मार्केट में मंगलवार देर रात मर्सिडीज कंपनी के वर्कशॉप में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वर्कशॉप में खड़ी करीब 8 कारें, एसेसरीज और महंगे वाहन पार्ट्स जलकर खाक हो गए। आग से उठता धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। हादसे के समय वर्कशॉप में नई और पुरानी 50 से ज्यादा कारें खड़ी थीं। आग फैलने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आसपास के इलाके को सुरक्षित करने की कार्रवाई शुरू की।
10 दमकलों ने 2 घंटे तक चलाया अभियान
आग की भयावहता को देखते हुए करीब 10 दमकलों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने आग को बुझाने के लिए 2 दर्जन से ज्यादा फेरे लगाए। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।आग को वर्कशॉप में खड़ी अन्य कारों तक पहुंचने से रोकना सबसे बड़ी चुनौती थी। दमकल कर्मियों और पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।
आसपास की बिजली सप्लाई कराई बंद
आग फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास के क्षेत्र की बिजली सप्लाई भी बंद कराई गई। इससे राहत और बचाव कार्य में मदद मिली और आग के कारण किसी अन्य दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सका।वर्कशॉप में बड़ी संख्या में वाहन, महंगी एसेसरीज और पार्ट्स मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती गई। आग की लपटों और धुएं को दूर से भी देखा जा सकता था।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग में करीब 8 कारों के साथ वर्कशॉप में रखी एसेसरीज और महंगे पार्ट्स जलकर नष्ट हुए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आग किस वजह से लगी और क्या वर्कशॉप में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे।

