जयपुर में पति ने की पत्नी की हत्या, फुटेज में देंखे करवा चौथ पर तीन बच्चों के साथ शव के पास बैठा रहा; पुलिस को फोन कर खुद दी सूचना
राजस्थान की राजधानी जयपुर में करवा चौथ के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के द्वारकापुरी अपार्टमेंट में एक पति ने कथित तौर पर झगड़े के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि आरोपी दो दिन तक तीन छोटे बच्चों के साथ पत्नी के शव के पास कमरे में ही बैठा रहा। शुक्रवार सुबह उसने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी की मौत की सूचना दी। इसके बाद वह तीनों बच्चों को कमरे में छोड़कर फरार हो गया।सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर बने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। पुलिस ने जब कमरे के अंदर जाकर देखा तो वहां महिला का शव पड़ा हुआ था। पास में ही उसके तीन छोटे बच्चे बैठे थे। इनमें तीन साल की बेटी, डेढ़ साल का बेटा और महज ढाई महीने का मासूम शामिल है। बच्चों को इस हालत में देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
पुलिस को फोन कर दी पत्नी की मौत की सूचना
थानाधिकारी विक्रांत शर्मा के अनुसार, मृतका की पहचान लक्ष्मी रेगर के रूप में हुई है। आरोपी पति प्रदीप ने शुक्रवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया था। उसने बताया कि पत्नी के साथ उसका झगड़ा हो गया था और उसकी मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल द्वारकापुरी अपार्टमेंट पहुंची।पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी कमरे से निकलकर फरार हो चुका था। उसने बच्चों को भी वहीं छोड़ दिया था। पुलिस ने कमरे की जांच की और तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला की मौत करीब दो दिन पहले हुई थी। हालांकि, मौत का सही समय और परिस्थितियां पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
मोबाइल नंबर से ट्रेस कर आरोपी को पकड़ा
घटना की सूचना देने के बाद फरार हुए प्रदीप की तलाश में पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की। मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस को आरोपी के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने अपार्टमेंट के आसपास तलाश शुरू की। आरोपी पास की ही एक गली में छिपकर बैठा मिला, जहां से पुलिस ने उसे पकड़ लिया।पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था और घटना के पीछे क्या वजह रही।
FSL टीम ने जुटाए सबूत, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद महिला के शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से महिला की मौत के कारणों का पता चलेगा। वहीं, तीनों छोटे बच्चों की देखभाल और उनकी स्थिति को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। करवा चौथ के दिन सामने आई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

