जयपुर में युवक की पत्थर और डंडों से पीट-पीटकर हत्या, एक्सक्लूसिव वीडियो में देंखे शराब पीने से रोकने पर हुआ था विवाद
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक युवक की पत्थरों और डंडों से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुकान के बाहर शराब पी रहे कुछ युवकों को टोका जाना विवाद की वजह बना। बाद में आरोपियों ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना में परिवार के चार अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं।
देर रात हुई वारदात
यह घटना सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इलाके में एक पड़ोसी खेत में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे दुकान के बाहर आधा दर्जन युवक बैठकर शराब पी रहे थे।
शराब पीने से रोकने पर बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि शराब पी रहे युवकों को संजू और उसके परिजनों ने वहां से जाने के लिए कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि टोकाटाकी से नाराज युवकों ने पहले घर पर पत्थर फेंके और फिर मौका पाकर हमला कर दिया।
पत्थरों और डंडों से किया हमला
परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने संजू को अकेला पाकर उस पर पत्थरों और डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया। हमले में उसका सिर गंभीर रूप से घायल हो गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आरोपी बुरी तरह मारपीट कर चुके थे।
बचाने आए परिजनों को भी पीटा
जब परिवार के सदस्य संजू को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

