जयपुर में 17 सेकंड में बुजुर्ग महिला से 4.23 लाख के गहने लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार, फुटेज में देंखे दो ज्वेलर्स भी पकड़े गए
जयपुर साउथ पुलिस ने सोडाला थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महज 17 सेकंड में बुजुर्ग महिला को सड़क पर गिराकर करीब 4.23 लाख रुपए के गहने लूट लिए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी को मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा लूटे गए गहने खरीदने के आरोप में जयपुर के दो ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
सुनसान रास्ते पर बनाया था निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जयपुर में किराए के कमरे में रह रहा था औरशह के विभिन्न इलाकों में घूमकर लोगों की रेकी करता था। पूछताछ में उसने बताया कि वह जुए और सट्टे की लत का शिकार हो गया था, जिसके कारण उस पर भारी कर्ज हो गया था।कर्ज का बोझ इतना बढ़ गया था कि उसने अपनी मोटरसाइकिल तक गिरवी रख दी थी। आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने लूटपाट का रास्ता चुना।
17 सेकंड में वारदात को दिया अंजाम
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 2 जून की सुबह वह सोडाला और सुशीलपुरा इलाके में शिकार की तलाश में घूम रहा था। इसी दौरान उसकी नजर सुनसान सड़क पर अकेले जा रही एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी।मौका मिलते ही उसने महिला को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और उनके पहने हुए सोने के गहने छीनकर फरार हो गया। पूरी वारदात महज 17 सेकंड में अंजाम दी गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से पहुंची पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी मध्य प्रदेश भाग गया है। इसके बाद विशेष टीम गठित कर उसे मुरैना से गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने लूट का माल खरीदने वाले दो ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर चोरी और लूट के माल की खरीद-फरोख्त में शामिल होने का आरोप है।
अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। संभावना है कि पूछताछ में शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चेन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।जयपुर पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। इस कार्रवाई को राजधानी में बढ़ती लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

