जयपुर में अवैध पटाखा भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, वीडियो में जाने 10 से ज्यादा गोदामों पर छापे; एक गोदाम सील
Jaipur में खोनागोरियान पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड के बाद पुलिस कमिश्नरेट ने अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में विशेष टीम ने बुधवार देर रात शहर और आसपास के इलाकों में 10 से अधिक गोदामों और फैक्ट्रियों पर दबिश दी।पुलिस कार्रवाई रात 10 बजे से 1 बजे तक जारी रही, जिसमें कई जगहों पर बड़ी मात्रा में बारूद और पटाखों का भंडारण मिला। इस दौरान एक गोदाम को सील भी कर दिया गया है।
अभियान के तहत Jamwa Ramgarh Road स्थित बड़ी का बास इलाके में भी जांच की गई, जहां नाई की थड़ी से सुमेल रोड जाने वाले मार्ग पर स्थित एक लाइसेंसधारी गोदाम में नियमों से अधिक मात्रा में विस्फोटक सामग्री पाई गई।जानकारी के अनुसार, गोदाम को 600 किलो भंडारण की अनुमति दी गई थी, लेकिन मौके पर 1,000 किलो से अधिक बारूद और पटाखे बरामद हुए। यह सामग्री करीब 300 से अधिक कार्टन में रखी हुई थी।
पुलिस की सीएसटी टीम ने इलेक्ट्रॉनिक कांटे से मौके पर ही सामग्री का वजन करवाया, जिसके बाद नियम उल्लंघन पाए जाने पर गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई सुरक्षा मानकों की अनदेखी और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि शहर में अवैध और अनियंत्रित विस्फोटक भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। Jaipur पुलिस अब यह जांच कर रही है कि अन्य गोदामों में भी इसी तरह की अनियमितताएं तो नहीं हैं। प्रशासन ने व्यापारियों को नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।

