Samachar Nama
×

जयपुर में दूषित पानी सप्लाई पर बड़ी कार्रवाई: पीएचईडी एईएन एपीओ, वीडियो में देंखे सुशीलपुरा कॉलोनी में 30 दिन बाद गिरी गाज

जयपुर में दूषित पानी सप्लाई पर बड़ी कार्रवाई: पीएचईडी एईएन एपीओ, वीडियो में देंखे सुशीलपुरा कॉलोनी में 30 दिन बाद गिरी गाज

जयपुर के सोडाला क्षेत्र स्थित सुशीलपुरा कॉलोनी में दूषित और बदबूदार पेयजल सप्लाई के मामले में अब प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार शिकायतों और जनआक्रोश के बाद पीएचईडी (लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग) के सहायक अभियंता (एईएन) को एपीओ कर दिया गया है।यह मामला पिछले एक महीने से स्थानीय निवासियों के विरोध का कारण बना हुआ था। कॉलोनी के लोगों ने गंदे पानी की सप्लाई को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था और प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की थी।

प्रदर्शन के दौरान स्थानीय विधायक गोपाल शर्मा मौके पर पहुंचे थे। उस समय स्थिति तब और गंभीर हो गई जब एक युवक ने गिलास में भरा हुआ दूषित पानी विधायक को दिखाया। विधायक ने खुद पानी को सूंघकर उसकी खराब स्थिति की पुष्टि की और विभाग को जल्द से जल्द समस्या हल करने का आश्वासन दिया था।पीएचईडी राजस्थान की ओर से की गई विभागीय जांच में पाया गया कि पेयजल आपूर्ति प्रणाली में गंभीर लापरवाही बरती गई थी, जिसके कारण इलाके में दूषित पानी की सप्लाई हो रही थी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित सहायक अभियंता पर कार्रवाई की गई और उन्हें एपीओ कर दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या पिछले काफी समय से बनी हुई थी, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर भी असर पड़ने की आशंका थी। कई घरों में पानी की गुणवत्ता बेहद खराब थी, जिसके कारण लोगों को मजबूरी में बाहर से पानी खरीदना पड़ रहा था।प्रशासन ने अब दावा किया है कि प्रभावित क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए तकनीकी टीमों को लगाया गया है और पाइपलाइन की सफाई एवं मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। फिलहाल विभाग ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सुशीलपुरा कॉलोनी में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी और इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

Share this story

Tags