जयपुर में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन सीवरेज की दीवार ढही, मलबे में दबने से 3 मजदूरों की मौत; फुटेज में देंखे 12 से अधिक घायल
जयपुर में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन सीवरेज की दीवार अचानक ढह गई, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक मजदूर घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
यह हादसा चंदवाजी थाना क्षेत्र में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर ताला मोड़ स्थित अरावली पैलेस होटल परिसर में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। हादसे के समय निर्माणाधीन सीवरेज लाइन के गड्ढे में 24 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान सीवरेज की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और कई मजदूर उसके मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल निम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे का मंजर बेहद दर्दनाक था। मृतकों में शामिल एक महिला का शव कपड़े की पोटली में घटनास्थल से बाहर ले जाया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माणाधीन सीवरेज की दीवार किन कारणों से गिरी और क्या निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई थी। प्रशासन ने हादसे के सभी पहलुओं की जांच के निर्देश दिए हैं।

