जयपुर में 'लुटेरी दुल्हन' का खेल, वीडियो में देंखे शादी के 8 दिन बाद 3.50 लाख के गहने-नकदी लेकर फरार, बिचौलिए भी गायब
राजधानी जयपुर में एक कथित लुटेरी दुल्हन द्वारा शादी के महज आठ दिन बाद पति को छोड़कर गहने और नकदी लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि दुल्हन करीब 3.50 लाख रुपये के गहने और नकदी लेकर गायब हो गई। वहीं शादी करवाने के नाम पर 1.50 लाख रुपये लेने वाले बिचौलिए भी अब संपर्क से बाहर हैं। मामले में कोर्ट के आदेश पर करधनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
बिचौलियों के जरिए हुई थी शादी
पीड़ित के अनुसार, उसकी शादी कुछ बिचौलियों के माध्यम से करवाई गई थी। इसके लिए उससे करीब 1.50 लाख रुपये लिए गए थे। शादी के बाद सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन कुछ ही दिनों में पूरा मामला संदिग्ध हो गया।
शादी के 8 दिन बाद हुआ फरार
शिकायत के अनुसार, 29 जनवरी को वह अपनी पत्नी को लेकर ट्रेन से आगरा पहुंचा था। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद दोनों प्लेटफॉर्म पर मौजूद थे।
पानी लाने भेजा और हो गई गायब
पीड़ित ने बताया कि स्टेशन पर उतरने के बाद पत्नी ने उसे पानी लाने के लिए भेजा। जब वह पानी लेकर वापस लौटा तो पत्नी वहां नहीं मिली। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।
गहने और नकदी लेकर भागने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि दुल्हन घर से करीब 3.50 लाख रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हुई है। साथ ही शादी करवाने वाले बिचौलिए भी घटना के बाद से लापता हैं और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद पीड़ित ने कानूनी कार्रवाई का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश के बाद करधनी थाने में कथित लुटेरी दुल्हन और गैंग से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है और संबंधित लोगों की पहचान कर उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

