जयपुर की आबादी में फिर दिखा लेपर्ड, सूर्य सिटी कॉलोनी में एक घंटे तक रहा मूवमेंट, CCTV फुटेज में कैद
राजधानी जयपुर के आबादी इलाके में एक बार फिर लेपर्ड की मौजूदगी से हड़कंप मच गया है। ताजा मामला आगरा रोड स्थित सूर्य सिटी कॉलोनी का है, जहां शनिवार तड़के लेपर्ड का मूवमेंट देखा गया। लेपर्ड करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक कॉलोनी क्षेत्र में घूमता रहा। पूरी घटना कॉलोनी में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 3 बजे लेपर्ड कॉलोनी की सड़कों पर घूमता नजर आया। CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि लेपर्ड सड़क पर टहलता हुआ एक कुत्ते के पास पहुंचा, हालांकि किसी तरह की झड़प नहीं हुई और वह आगे बढ़ गया। इसके बाद वह कॉलोनी के भीतर अलग-अलग हिस्सों में घूमता रहा। लेपर्ड के मूवमेंट की जानकारी मिलते ही कॉलोनी के लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने कॉलोनी के आसपास के खुले प्लॉट, झाड़ियों और सुनसान क्षेत्रों में तलाशी ली, लेकिन काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद लेपर्ड का कोई सुराग नहीं लग पाया। आशंका जताई जा रही है कि लेपर्ड सर्च शुरू होने से पहले ही कॉलोनी से निकलकर पास के जंगल या पहाड़ी इलाके की ओर चला गया होगा।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सूर्य सिटी कॉलोनी आगरा रोड के पास स्थित है और इसके आसपास प्राकृतिक क्षेत्र और जंगलनुमा इलाके हैं। ऐसे में लेपर्ड का आबादी की ओर आना पूरी तरह असामान्य नहीं है। हाल के दिनों में भोजन की तलाश में लेपर्ड के रिहायशी इलाकों में आने की घटनाएं बढ़ी हैं।
एहतियात के तौर पर वन विभाग की ओर से कॉलोनी में रात के समय पिंजरा लगाने का निर्णय लिया गया है, ताकि अगर लेपर्ड दोबारा इलाके में लौटे तो उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने कॉलोनीवासियों से अपील की है कि वे रात के समय घरों से बाहर न निकलें, पालतू जानवरों को खुले में न छोड़ें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना विभाग को दें।
उधर, लेपर्ड के CCTV में कैद होने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग सहमे हुए हैं। कॉलोनी के कई लोग सुबह होते ही घरों से बाहर निकलने से कतराते नजर आए। बच्चों और बुजुर्गों को खास तौर पर घरों के भीतर ही रहने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि जयपुर और इसके आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से लेपर्ड मूवमेंट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले भी आगरा रोड, झालाना और अन्य क्षेत्रों में लेपर्ड देखे जा चुके हैं। वन विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें अलर्ट मोड पर हैं।

