Samachar Nama
×

पोहे का स्टॉल लगाने से मॉडलिंग तक पहुंची ज्योति, वीडियो में जाने टॉप-5 में बनाई जगह

पोहे का स्टॉल लगाने से मॉडलिंग तक पहुंची ज्योति, वीडियो में जाने टॉप-5 में बनाई जगह

ब्यूटी पेजेंट एलीट मिस राजस्थान के सीजन 13 के ऑडिशन की शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान पिछले सीजन में हिस्सा लेने वाली मॉडल्स ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इस मंच ने उनके करियर और निजी जिंदगी में किस तरह बदलाव लाया। पिछले सीजन की प्रतिभागी ज्योति सोनी की कहानी भी संघर्ष और मेहनत से भरी है। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक परिस्थितियों और मां की बीमारी के बीच उन्होंने काम करते हुए मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा।

मां की बीमारी ने बढ़ाई जिम्मेदारी

ज्योति सोनी ने बताया कि उनकी मां कैंसर से जूझ रही थीं, जबकि पिता की आय सीमित थी। ऐसे समय में परिवार के लिए कुछ करने की इच्छा ने उन्हें मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। ज्योति ने बताया कि उन्होंने शुरुआत में करीब डेढ़ साल तक पोहे का स्टॉल लगाया। इसी काम के दौरान कई लोग उनसे कहते थे कि वह अच्छी दिखती हैं और उन्हें मॉडलिंग के क्षेत्र में जाना चाहिए।शुरुआत में ज्योति ने इन बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। उनका पूरा ध्यान परिवार की मदद करने और अपनी जिम्मेदारियां निभाने पर था। लेकिन धीरे-धीरे मॉडलिंग को लेकर उनके मन में भी रुचि पैदा होने लगी।

दोस्त की जिद ने दिखाया मॉडलिंग का रास्ता

ज्योति ने बताया कि इसी दौरान उनकी एक दोस्त एलीट मिस राजस्थान प्रतियोगिता की तैयारी कर रही थी और आवेदन करने वाली थी। दोस्त के कहने पर ज्योति ने भी प्रतियोगिता के बारे में जानकारी ली। उनकी दोस्त ने उन्हें ऑडिशन देने के लिए अपने साथ चलने को कहा।ज्योति के मुताबिक, उन्होंने शुरुआत में इसे लेकर ज्यादा गंभीरता नहीं दिखाई, लेकिन दोस्त की जिद के बाद व ऑडिशन देने पहुंचीं। दोस्त ने उन्हें सलाह दी कि ऑडिशन के लिए किसी खास पोशाक की जरूरत नहीं है और अपने कपड़ों में ही ऑडिशन दें। ज्योति ने इसी तरह ऑडिशन दिया और उनका चयन हो गया।

टॉप-5 तक पहुंचीं ज्योति

प्रतियोगिता में आगे बढ़ते हुए ज्योति टॉप-5 तक पहुंचीं। उन्होंने इसे अपने लिए बड़ी उपलब्धि बताया। ज्योति के अनुसार, जिस लड़की ने कुछ समय पहले तक पोहे का स्टॉल लगाकर परिवार की मदद की, उसका किसी बड़े ब्यूटी पेजेंट के टॉप-5 में पहुंचना उनके लिए बेहद खास अनुभव था।उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में उन्हें देशभर में शूटिंग करने का मौका मिला। इस मंच से जुड़ने के बाद उनके जीवन में कई बड़े बदलाव आए। मॉडलिंग और फैशन की दुनिया में उन्हें नए अवसर मिले और आत्मविश्वास भी बढ़ा।

परिवार की सोच में भी आया बदलाव

ज्योति ने बताया कि मॉडलिंग में आने के बाद उनके परिवार की सोच में भी समय के साथ बदलाव आया। शुरुआत में छोटे कपड़ों को लेकर परिवार में अलग तरह की सोच थी, लेकिन धीरे-धीरे परिवार ने उनके काम और करियर को समझना शुरू किया।एलीट मिस राजस्थान के मंच ने ज्योति को देश में काम करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय शो में प्रस्तुति देने का अवसर भी दिया। अब सीजन 13 के ऑडिशन शुरू होने के साथ नई प्रतिभाओं को भी इस मंच से अपने सपनों को आगे बढ़ाने का मौका मिल रहा है। ज्योति की कहानी उन प्रतिभागियों के लिए प्रेरणा बन सकती है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद मॉडलिंग और ग्लैमर की दुनिया में अपनी पहचान बनाने का सपना देखती हैं।

Share this story

Tags