जयपुर के मैरिज गार्डन से लाखों के गहने और नकदी से भरा बैग चोरी, CCTV फुटेज में कैद हुई घटना
राजधानी जयपुर में एक मैरिज गार्डन से लाखों रुपये के गहने और नकदी से भरा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब गार्डन में आशीर्वाद समारोह चल रहा था और मेहमान कार्यक्रम में व्यस्त थे। बदमाश स्टेज पर चढ़ा और गहनों व कैश से भरा बैग अपनी जैकेट में छिपाकर फरार हो गया।
घटना जगतपुरा स्थित चंदन वन मैरिज गार्डन में 7 फरवरी की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। उस समय बैंक्वेट हॉल में आशीर्वाद समारोह का कार्यक्रम चल रहा था। पीड़ित पक्ष के अनुसार, रामनगरिया के जगतपुरा निवासी नितिन करोल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनके भाई नवीन के आशीर्वाद समारोह के दौरान यह वारदात हुई। कार्यक्रम के बीच किसी ने स्टेज के पास रखा बैग चुरा लिया, जिसमें लाखों रुपये के आभूषण और नकदी रखी हुई थी।
सबसे अहम बात यह है कि पूरी वारदात मैरिज गार्डन में हो रही वीडियोग्राफी में कैद हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति स्टेज पर चढ़ते और बैग को जैकेट में छिपाकर ले जाते हुए नजर आ रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी और वीडियोग्राफी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच शिवदासपुरा थाना पुलिस कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही कार्यक्रम में मौजूद मेहमानों और स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद शादी समारोहों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बड़ी संख्या में मेहमानों की मौजूदगी और कार्यक्रम की व्यस्तता का फायदा उठाकर चोर ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच जारी है और संदिग्ध की तलाश में टीम जुटी हुई है।

