जयपुर में गौरव टावर स्थित मैकडॉनल्ड्स का फूड लाइसेंस सस्पेंड, वीडियो में देंखे खाद्य बिक्री पर रोक
राजधानी जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौरव टावर स्थित फास्ट-फूड रेस्टोरेंट चेन मैकडॉनल्ड्स का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही आगामी आदेश तक यहां खाद्य उत्पादों की बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है।यह कार्रवाई जयपुर सीएमएचओ सेकंड के निर्देश पर की गई, जिसके बाद रेस्टोरेंट संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। अधिकारियों के अनुसार यह कदम हाल ही में किए गए निरीक्षण के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं के बाद उठाया गया है।
सीएमएचओ सेकंड डॉ. मनीष मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गौरव टावर स्थित मैकडॉनल्ड्स आउटलेट पर छापा मारा था। इस दौरान वहां इस्तेमाल किया जा रहा खाद्य तेल (फूड ऑयल) मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।जांच में यह सामने आया कि रेस्टोरेंट में उपयोग किए जा रहे तेल में टोटल पोलर कंपाउंड (TPC) की मात्रा निर्धारित सीमा 25 प्रतिशत से काफी अधिक थी। विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्तर मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक हो सकता है और इससे गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा हो सकते हैं।
फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मानक से अधिक खराब गुणवत्ता वाले तेल काउपयोग लंबे समय तक किया जाए तो यह उपभोक्ताओं के लिए स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा कर सकता है। इसी आधार पर लाइसेंस सस्पेंड करने और बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।फिलहाल विभाग ने संबंधित आउटलेट की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और सैंपल रिपोर्ट व अन्य दस्तावेजों का विश्लेषण किया जा रहा है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद शहर के फूड सेफ्टी मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं, जबकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

