जयपुर मेयर चुनाव: नामांकन का आज आखिरी दिन, BJP के 4 दावेदार जयपुर बुलाए; फुटेज में जाने सुनीता मावर-भरत मेघवाल को कांग्रेस का निर्देश
जयपुर नगर निगम मेयर चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन है। बहुमत होने के बावजूद बीजेपी ने शनिवार तक अपने मेयर प्रत्याशी के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया था। हालांकि, अब पार्टी की ओर से संभावित दावेदारों को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक, बीजेपी ने मेयर पद के चार दावेदारों को जयपुर बुलाया है।
इनमें सुनील कोठारी का नाम भी बताया जा रहा है। कोठारी पुष्कर में पार्टी की बाड़ेबंदी से जयपुर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि उनके नाम से नामांकन फॉर्म भी लिया गया है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक मेयर पद के उम्मीदवार के नाम की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
बीजेपी पार्षदों से मांगी गई थी वरीयता
मेयर प्रत्याशी के चयन से पहले बीजेपी ने अपने पार्षदों से उनकी पसंद पूछी थी। सभी पार्षदों से वरीयता के आधार पर तीन-तीन नाम लिखवाए गए थे। इसके बाद पार्टी स्तर पर संभावित उम्मीदवारों के नाम को लेकर मंथन किया गया।बताया जा रहा है कि इसी प्रक्रिया के बाद बीजेपी के सभी पार्षदों को पुष्कर स्थित द सूर्या गोल्डन पैलेस होटल में शिफ्ट किया गया था। पार्टी ने अपने पार्षदों को एकजुट रखने के लिए बाड़ेबंदी की है।
कांग्रेस ने दो पार्षदों को तैयार रहने को कहा
उधर, कांग्रेस ने भी मेयर चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने वार्ड 118 से पार्षद सुनीता मावर और वार्ड 84 से पार्षद भरत मेघवाल को नामांकन दाखिल करने के लिए तैयार रहने को कहा है।नामांकन का आज आखिरी दिन होने के कारण दोनों प्रमुख दलों में उम्मीदवार चयन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। बीजेपी के पास बहुमत होने के बावजूद पार्टी ने अभी तक अपने प्रत्याशी के नाम का औपचारिक ऐलान नहीं किया है।
आखिरी दिन सामने आएगी तस्वीर
जयपुर मेयर चुनाव में अब नामांकन की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। बीजेपी की ओर से चार दावेदारों को जयपुर बुलाए जाने और सुनील कोठारी के नाम से नामांकन फॉर्म लिए जाने की जानकारी के बाद पार्टी के संभावित प्रत्याशी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।वहीं कांग्रेस की ओर से सुनीता मावर और भरत मेघवाल को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में नामांकन की अंतिम समयसीमा तक दोनों दलों की रणनीति और प्रत्याशियों की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।

