जयपुर मेयर चुनाव: मैदान में 4 प्रत्याशी, वीडियो में जाने भाजपा के सुनील कोठारी और कांग्रेस की सुनीता मावर आमने-सामने
जयपुर नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई, जिसमें आखिरी दिन दाखिल किए गए चारों नामांकन सही पाए गए। इसके साथ ही फिलहाल मेयर पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें भाजपा के सुनील कोठारी और कांग्रेस की सुनीता मावर प्रमुख उम्मीदवार हैं। वहीं सुनीता मेठी और दशरथ अटल को निर्दलीय प्रत्याशी माना गया है।
चारों नामांकन जांच में सही पाए गए
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, मेयर पद के लिए चार नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। सोमवार को हुई जांच में सभी नामांकन पत्र सही पाए गए।भाजपा की ओर से सुनील कोठारी ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि कांग्रेस ने सुनीता मावर को अपना अधिकृत उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा पार्षद सुनीता मेठी और दशरथ अटल ने भी नामांकन दाखिल किया है।
कांग्रेस के तीन पार्षदों ने भरा था नामांकन
नामांकन के दौरान कांग्रेस की ओर से दशरथ अटल, सुनीता मेठी और सुनीता मावर ने मेयर पद के लिए पर्चा दाखिल किया था। हालांकि कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर अपना चुनावी सिंबल सुनीता मावर को जारी किया।सिंबल सुनीता मावर को मिलने के बाद सुनीता मेठी और दशरथ अटल को निर्वाचन प्रक्रिया में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर माना गया है।
22 सितंबर तक नाम वापस लेने का मौका
नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद अब प्रत्याशियों के पास नाम वापस लेने का मौका है। नाम वापसी की अंतिम तारीख 22 सितंबर तय की गई है।ऐसी संभावना जताई जा रही है कि निर्दलीय प्रत्याशी सुनीता मेठी और दशरथ अटल 22 सितंबर को अपना नाम वापस ले सकते हैं। अगर दोनों नाम वापस लेते हैं तो मेयर चुनाव में भाजपा के सुनील कोठारी और कांग्रेस की सुनीता मावर के बीच सीधा मुकाबला रह जाएगा।फिलहाल अंतिम तस्वीर नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। जयपुर नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के साथ पार्षदों और शहर की राजनीतिक गतिविधियों पर भी नजर बनी हुई है।

