जयपुर के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा का टीम इंडिया में चयन, वीडियो में जाने जिम्बाब्वे टी20 सीरीज में कर सकते हैं डेब्यू
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में जयपुर के रामपुरा गांव के रहने वाले तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को पहली बार मौका मिला है। 23 से 26 जुलाई के बीच जिम्बाब्वे में खेली जाने वाली इस सीरीज में अशोक शर्मा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने की पूरी संभावना है।
अशोक शर्मा ने अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था। लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन का इनाम उन्हें अब टीम इंडिया में जगह मिलने के रूप में मिला है।
टीम इंडिया में चयन के बाद अशोक शर्मा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण पल है। उन्होंने कहा, "जब से क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तभी से भारतीय टीम की जर्सी पहनने का सपना देखा था। अब वह सपना सच हो गया है। इस खुशी को शब्दों में बयां करना आसान नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा कि वह इस मौके का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे और अपने प्रदर्शन से भारत को सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाना चाहेंगे। अशोक शर्मा के चयन से जयपुर और पूरे राजस्थान में खुशी का माहौल है। स्थानीय क्रिकेट प्रेमी और उनके परिवार को उम्मीद है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी तेज गेंदबाजी से भारत का नाम रोशन करेंगे।

