मदर्स डे पर खास सम्मान, वीडियो में जाने जयपुर के इंजीनियर दंपती ने मां और सास के नाम पर बनाए रोबोट
मदर्स डे के मौके पर जयपुर के एक इंजीनियर दंपती ने अपनी मां और सास को अनोखे अंदाज में सम्मान दिया है। रोबोटिक्स इंजीनियर भुवनेश मिश्रा और डॉक्टर नीलिमा मिश्रा ने अपने अत्याधुनिक रोबोट का नाम अपनी मां और सास के नाम पर रखा है। उनका यह कदम अब चर्चा का विषय बन गया है।दंपती द्वारा तैयार किया गया ‘कृष्णा’ नाम का रोबोट बिना ड्राइवर के जमीन पर चलने वाला आधुनिक रोबोट है, जिसे पूरी तरह जयपुर में विकसित किया गया है। खास बात यह है कि यह रोबोट भारतीय सेना के काम भी आ रहा है। कठिन और जोखिम भरे इलाकों में यह रोबोट कई महत्वपूर्ण कार्य करने में सक्षम बताया जा रहा है।
भुवनेश और नीलिमा मिश्रा का कहना है कि उन्होंने अपनी मां और सास के त्याग, संघर्ष और प्रेरणा को सम्मान देने के लिए रोबोट का नाम ‘कृष्णा’ रखा। उनका मानना है कि परिवार का सहयोग और संस्कार ही उन्हें इस मुकाम तक लेकर आए हैं।इसी के साथ इस इंजीनियर दंपती ने ‘भूवीरक्षा’ नाम का एक और रोबोट भी तैयार किया है। इस रोबोट का नाम उन्होंने अपनी बेटी के नाम पर रखा है। ‘भूवीरक्षा’ आधुनिक तकनीक से लैस एक ऐसा रोबोट है, जिसे खास तौर पर उन जगहों के लिए तैयार किया गया है जहां इंसानों की जान को खतरा होता है।
यह रोबोट रिमोट कंट्रोल तकनीक से संचालित होता है और आग लगने, रेस्क्यू ऑपरेशन तथा सुरक्षा संबंधी मिशनों में बेहद उपयोगी साबित हो रहा है। आधुनिक सेंसर और तकनीकी सुविधाओं से लैस यह रोबोट देशभर में अग्निशमन और सुरक्षा सेवाओं को मजबूत बनाने में मदद कर रहा है।विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे स्वदेशी रोबोट भारत की रक्षा और सुरक्षा तकनीक को नई दिशा दे रहे हैं। खासकर सेना और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में इनका उपयोग लगातार बढ़ रहा है।मदर्स डे पर इस तरह का अनोखा सम्मान लोगों को काफी पसंद आ रहा है।सोशल मीडिया पर भी लोग इस पहल की तारीफ कर रहे हैं और इसे तकनीक और पारिवारिक भावनाओं का शानदार मेल बता रहे हैं।

