जयपुर में अवैध गैस सिलेंडर कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, फुटेज में देंखे 171 सिलेंडर जब्त
प्रशासन ने शहर में अवैध घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की तस्करी और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की सीएसटी टीम और जिला रसद विभाग ने संयुक्त रूप से चार जगह छापेमारी कर कुल 171 सिलेंडर जब्त किए। इस कार्रवाई में कई आरोपी भी गिरफ्तार किए गए हैं।
पहली बड़ी कार्रवाई दौलतपुरा थाना क्षेत्र के काल्या का बास स्थित सांई वाटिका विस्तार कॉलोनी में हुई। यहां अवैध गोदाम से 38 भरे और 77 खाली, कुल 115 सिलेंडर जब्त किए गए। साथ ही मौके से एक पिकअप वाहन और 32,550 रुपए नकद भी बरामद हुए। इस मामले में बुधराम मीणा, भगवान सिंह और नरेश गुर्जर को गिरफ्तार किया गया।
दूसरी कार्रवाई ब्रह्मपुरी आमेर रोड पर हुई। यहां पुलिस ने 20 सिलेंडर, 2 इलेक्ट्रॉनिक मोटर और 2 कांटे जब्त किए। जिला रसद अधिकारी (डीएसओ) प्रियव्रत चारण ने बताया कि सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा बजाज नगर थाना पुलिस ने भी अवैध गैस सिलेंडर रीफिलिंग और बिक्री के कारोबार का भंडाफोड़ किया। गोपालपुरा पुलिया के नीचे की गई इस कार्रवाई में कुल 23 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। पुलिस ने संजय कुमार गोयनका और बोनी पोद्दार को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों की ओर से 5 किलो का गैस सिलेंडर 500 रुपए में बेचने का अवैध कारोबार चलाया जा रहा था।
प्रशासन ने बताया कि इन छापेमारीयों का मकसद अवैध गैस व्यापार को रोकना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अवैध रीफिलिंग और बिक्री से न केवल लोगों की जान को खतरा रहता है, बल्कि यह राज्य के लिए भी आर्थिक नुकसान का कारण बनता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि घरेलू गैस की अवैध रीफिलिंग और बिक्री अक्सर विस्फोट और आग जैसी घटनाओं को जन्म देती है। ऐसे मामलों में पुलिस और प्रशासन की समय पर कार्रवाई लोगों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
डीएसओ प्रियव्रत चारण ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अवैध गैस रीफिलिंग या संदिग्ध कारोबार की जानकारी पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। इसके अलावा अवैध गोदामों और रीफिलिंग सेंटर की पड़ताल के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इस कार्रवाई से यह संदेश दिया गया है कि राज्य में गैस सिलेंडर के अवैध कारोबार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी ऐसी हरकतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि नागरिकों की सुरक्षा और राज्य की कानूनी व्यवस्था बनी रहे।

