जयपुर में धार्मिक आयोजनों में चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, वीडियो में जाने 4 महिलाएं समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
जयपुर पुलिस ने धार्मिक आयोजनों में चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाली एक अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पंजाब और हरियाणा से जुड़े एक चालक सहित चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।पुलिस के अनुसार, गोविंद देवजी मंदिर परिसर में आयोजित नानी बाई का मायरो कथा कार्यक्रम के दौरान यह गैंग श्रद्धालुओं को निशाना बना रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने संदिग्धों की निगरानी शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने कार से भागने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने कई वाहनों को टक्कर भी मारी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपियों के भागने के रास्ते बंद कर दिए।घेराबंदी के बाद पुलिस ने एक कार चालक सहित चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरी कार का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गैंग विभिन्न राज्यों में धार्मिक आयोजनों, कथा-प्रवचनों और मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को निशाना बनाती थी। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर आरोपी महिलाओं के गहने, पर्स और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे।पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ अन्य राज्यों में की गई वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में गैंग से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। जयपुर पुलिस ने लोगों से धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

