जयपुर में शुरू होगी देश की पहली सहकारी कैब सर्विस ‘भारत टैक्सी’, वीडियो में जाने यात्रियों को मिलेगा सस्ता सफर
Jaipur में जल्द ही देश की पहली सहकारी कैब सर्विस “भारत टैक्सी” की शुरुआत होने जा रही है। इस नई सेवा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और जून महीने में इसका ट्रायल शुरू किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जुलाई में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah इसकी औपचारिक लॉन्चिंग कर सकते हैं।“भारत टैक्सी” को देश की पहली कोऑपरेटिव यानी सहकारी मॉडल पर आधारित कैब सेवा बताया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सस्ती और पारदर्शी परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। साथ ही ड्राइवरों को भी बेहतर कमाई और अधिकार देने पर जोर रहेगा।
अधिकारियों का दावा है कि इस सेवा के शुरू होने के बाद प्रदेश में चल रही निजी कैब कंपनियों की मनमानी पर लगाम लगेगी। वर्तमान में कई प्राइवेट कैब सेवाओं पर पीक आवर्स में मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने के आरोप लगते रहे हैं। लेकिन “भारत टैक्सी” में यात्रियों को इस तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।अधिकारियों के अनुसार भारत टैक्सी का किराया मौजूदा निजी कंपनियों की तुलना में 25 से 30 प्रतिशत तक कम हो सकता है। खास बात यह होगी कि पीक टाइम यानी ज्यादा मांग वाले समय में भी यात्रियों से अतिरिक्त किराया नहीं लिया जाएगा। इससे रोजाना कैब सेवा इस्तेमाल करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सूत्रों के मुताबिक इस योजना को सहकारी मॉडल पर तैयार किया गया है, जिसमें ड्राइवर भी साझेदार की भूमिका में होंगे। इससे ड्राइवरों को बेहतर आय और स्थिर रोजगार मिलने की संभावना जताई जा रही है। सरकार का मानना है कि यह मॉडल भविष्य में दूसरे शहरों में भी लागू किया जा सकता है।जयपुर में ट्रायल रन के दौरान सेवा की तकनीकी व्यवस्था, ऐप संचालन और किराया प्रणाली की जांच की जाएगी। सफल परीक्षण के बाद इसे आम लोगों के लिए पूरी तरह शुरू किया जाएगा।
परिवहन क्षेत्र के विशेषज्ञों का कहना है कि यदि “भारत टैक्सी” अपने दावों पर खरी उतरती है तो यह निजी कैब कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। इससे बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की संभावना है।सोशल मीडिया पर भी इस नई सेवा को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। कई लोगों का कहना है कि यदि कम किराए और बिना सर्ज प्राइसिंग की सुविधा मिलती है, तो यह आम यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। फिलहाल जयपुर में “भारत टैक्सी” की शुरुआत को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और अब लोगों की नजरें जुलाई में होने वाली इसकी आधिकारिक लॉन्चिंग पर टिकी हैं।

