जयपुर में कैफे संचालक से रंगदारी की कोशिश, थार सवार बदमाशों ने किया हमला, वीडियो में देंखे लोहे की रॉड से हाथ तोड़ा
राजस्थान की राजधानी जयपुर में रंगदारी मांगने का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां विरोध करने पर बदमाशों ने एक कैफे संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना शिप्रापथ थाना क्षेत्र की है, जहां पीड़ित ने गुरुवार को पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है।पीड़ित कैफे संचालक अंकित ने आरोप लगाया है कि कुछ बदमाश थार गाड़ी में सवार होकर उसके कैफे पर पहुंचे और उससे रंगदारी की मांग करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते हिंसक हो गए।
आरोप है कि बदमाशों ने अंकित के साथ मारपीट की और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया। हमले के दौरान बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली और मौके से फरार हो गए।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घायल अवस्था में पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
शिप्रापथ थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला संगठित रंगदारी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। फिलहाल इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और कैफे संचालकों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है।

