2026 में कितनी मिलेंगी छुट्टियां? वीडियो में देखें नए साल से पहले सामने आया सरकारी अवकाशों का पूरा गणित
साल 2025 अब विदाई की ओर है और कुछ ही दिनों में 2026 की शुरुआत होने जा रही है। नए साल को लेकर लोगों की योजनाएं बनने लगी हैं। इसी बीच दैनिक भास्कर आपके लिए लेकर आया है 2026 में मिलने वाली छुट्टियों का पूरा लेखा-जोखा। खासकर सरकारी कर्मचारियों के लिए यह जानना अहम है कि नए साल में उन्हें कितने दिन की राहत मिलने वाली है।
वर्ष 2026 में सरकारी कर्मचारियों के लिए कुल 31 सार्वजनिक (पब्लिक) छुट्टियां और 19 ऐच्छिक (ऑप्शनल) छुट्टियां निर्धारित की गई हैं। हालांकि, इन 31 सार्वजनिक छुट्टियों में से 6 छुट्टियां रविवार और 3 छुट्टियां शनिवार को पड़ रही हैं। इस तरह वीकेंड पर पड़ने वाली छुट्टियों के कारण सरकारी कर्मचारियों को कुल 9 छुट्टियों का वास्तविक लाभ नहीं मिल पाएगा।
नए साल के कैलेंडर के अनुसार 2026 में कई प्रमुख त्योहार रविवार को पड़ रहे हैं। इनमें दीपावली, नवरात्रा स्थापना और महाशिवरात्रि शामिल हैं। वहीं, देश का प्रमुख राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त शनिवार को मनाया जाएगा। इन त्योहारों के वीकेंड पर पड़ने से लंबी छुट्टियों की उम्मीद लगाए बैठे कर्मचारियों को थोड़ा निराश होना पड़ सकता है।
हालांकि, कैलेंडर में कुछ राहत भरे संयोग भी बने हैं। वर्ष 2026 में 7 सप्ताह ऐसे होंगे, जिनमें शुक्रवार को सार्वजनिक छुट्टी रहेगी। इसके बाद स्वाभाविक रूप से शनिवार और रविवार की छुट्टी होगी, जिससे सरकारी कर्मचारियों को लगातार तीन दिन का अवकाश मिलेगा। इसी तरह 5 सप्ताह ऐसे होंगे, जिनमें शनिवार और रविवार के बाद सोमवार को सार्वजनिक छुट्टी रहेगी। इस कारण भी कर्मचारियों को सप्ताह में लगातार तीन दिन का ब्रेक मिलेगा।
इन लंबी छुट्टियों का फायदा लोग पारिवारिक कार्यक्रमों, धार्मिक यात्राओं और घूमने-फिरने की योजनाओं के लिए उठा सकते हैं। खासकर वे कर्मचारी जो छुट्टियों को जोड़कर लंबा अवकाश लेना पसंद करते हैं, उनके लिए यह साल कुछ हद तक अनुकूल रहेगा।
इनके अलावा, जिला स्तर पर भी छुट्टियों का प्रावधान है। नियमों के अनुसार कलेक्टर अपने जिले में साल में दो स्थानीय अवकाश घोषित कर सकते हैं। जयपुर जिले में कलेक्टर पहले ही इन दोनों छुट्टियों की घोषणा कर चुके हैं। जयपुर में 14 जनवरी को मकर संक्रांति और 11 मार्च को शीतला अष्टमी के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा।

