Samachar Nama
×

तेज आंधी-बारिश ने बदला राजस्थान के मौसम का मिजाज! जयपुर समेत 12 जिलों में सुहाना हुआ माहौल, जाने अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम 

तेज आंधी-बारिश ने बदला राजस्थान के मौसम का मिजाज! जयपुर समेत 12 जिलों में सुहाना हुआ माहौल, जाने अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम 

हाल ही में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने राजस्थान के मौसम को बदल दिया है। पिछले दिनों जिस तरह से भीषण गर्मी और लू ने लोगों को परेशान किया था। अब तेज आंधी और बारिश ने गर्मी और लू को ढक दिया है। शुक्रवार 2 मई को प्रदेश के 12 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे मौसम सर्द हो गया। कई जिलों के तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं कुछ शहर ऐसे भी हैं जहां तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार पश्चिमी विक्षोभ काफी मजबूत स्थिति में है। इसका असर अगले चार से पांच दिन तक रहने की संभावना है।

राजस्थान में तेज हवाओं के कारण पेड़ और खंभे उखड़ गए, अनाज मंडी में पड़ा अनाज भीगा
शुक्रवार को तेज आंधी के कारण प्रदेश के कई जिलों में पेड़ उखड़ने और बिजली के खंभे गिरने जैसी घटनाएं सामने आईं। झालावाड़ में बिजली का खंभा गिर गया लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। कोटा, बीकानेर, बाड़मेर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, अलवर, भिवाड़ी, भरतपुर, झुंझुनूं और नागौर समेत कुछ अन्य जिलों में भी आंधी के साथ बारिश हुई। गंगानगर में 11.5 मिमी बारिश हुई और अनाज मंडी में रखी धान की बोरियां भीग गईं। इधर राजधानी जयपुर में भी सुबह तेज हवाएं चलीं लेकिन दोपहर होते-होते गर्मी ने फिर दस्तक दे दी।

अगले चार दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम केंद्र जयपुर की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार अगले चार दिन तक प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा। इसके चलते जयपुर समेत लगभग पूरे प्रदेश में रुक-रुक कर तेज आंधी और बारिश जारी रहने की संभावना है। बांसवाड़ा, डूंगरपुर और राजसमंद को छोड़कर शेष सभी जिलों में अगले चार दिन तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी है।

राजस्थान के प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
बाड़मेर में 43.4 डिग्री सेल्सियस
फलोदी में 42.8 डिग्री सेल्सियस
चित्तौड़गढ़ में 42.6 डिग्री सेल्सियस
जोधपुर में 42.3 डिग्री सेल्सियस
डबोक में 41.6 डिग्री सेल्सियस
बीकानेर में 41.4 डिग्री सेल्सियस
जालौर में 41.1 डिग्री सेल्सियस
पाली में 41.1 डिग्री सेल्सियस
डूंगरपुर में 41.1 डिग्री सेल्सियस
जैसलमेर में 41.0 डिग्री सेल्सियस
भीलवाड़ा में 40.5 डिग्री सेल्सियस
अजमेर में 36.9 डिग्री सेल्सियस
कोटा में 39.6 डिग्री सेल्सियस
लूणकरणसर में 38.7 डिग्री सेल्सियस
नागौर में 38.3 डिग्री सेल्सियस
फतेहपुर में 37.6 डिग्री सेल्सियस
सीकर में 37.5 डिग्री सेल्सियस
अंटा बारा में 37.5 डिग्री सेल्सियस
चूरू में 36.2 डिग्री सेल्सियस
जयपुर में 36.2 डिग्री सेल्सियस
करौली में 35.4 डिग्री सेल्सियस
धौलपुर में 34.9 डिग्री सेल्सियस
गंगानगर में 34.8 डिग्री सेल्सियस
झुंझुनूं में 33.9 डिग्री सेल्सियस
अलवर में 32.5 डिग्री सेल्सियस
संगरिया में 31.9 डिग्री सेल्सियस
पिलानी में 31.5 डिग्री सेल्सियस
माउंट आबू में 30.4 डिग्री सेल्सियस
पिलानी में 10 डिग्री तापमान गिरा

आंधी और बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों के तापमान में भारी गिरावट आई। हालांकि ज्यादातर शहरों के तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, लेकिन कुछ शहर ऐसे भी रहे जहां 8 से 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। पिलानी में दिन के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। गुरुवार को पिलानी में दिन का तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि शुक्रवार को 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। चूरू में गुरुवार को तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया जबकि शुक्रवार को तापमान गिरकर 36.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

Share this story

Tags