Samachar Nama
×

जयपुर में पोते ने दादी की चाकू से गला रेतकर हत्या, फुटेज में देंखे घर पहुंचते ही पिता ने देखा खौफनाक मंजर

जयपुर में पोते ने दादी की चाकू से गला रेतकर हत्या, फुटेज में देंखे घर पहुंचते ही पिता ने देखा खौफनाक मंजर

 

जयपुर में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। भट्टा बस्ती थाना इलाके की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक कॉलेज छात्र ने कथित तौर पर अपनी बुजुर्ग दादी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पोते को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घर में दादी और पोता ही थे

एसएचओ दिलीप सिंह के मुताबिक, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में यह घटना हुई। मृतका की पहचान विमला देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पोते का नाम पुलकित बताया गया है। घटना के समय घर में पुलकित और उसकी दादी विमला देवी ही मौजूद थीं।पुलिस को सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। ADCP बजरंग सिंह शेखावत ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्कूल से लौटे पिता ने देखा खून से लथपथ शव

वारदात का सबसे पहले पता आरोपी के पिता प्रदीप शर्मा को चला। वह सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं और स्कूल में पढ़ाने के बाद घर लौटे थे। घर के अंदर दाखिल होते ही उन्होंने अपनी मां विमला देवी को बेड पर खून से लथपथ हालत में देखा।पिता ने बेटे पुलकित को भी देखा। उसके हाथ और कपड़ों पर खून लगा हुआ था। यह दृश्य देखकर प्रदीप शर्मा घबरा गए और तुरंत पड़ोसी श्रवण सिंह के घर पहुंचे। उन्होंने पड़ोसी को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

आरोपी से पूछताछ में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी पुलकित को डिटेन कर लिया है। वह कॉलेज में पढ़ाई करता है। उसके माता-पिता सरकारी स्कूल में शिक्षक बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वजह पता लगाने की कोशिश कर रही है।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या के पीछे क्या कारण था। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल और आरोपी से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share this story

Tags