जयपुर एयरपोर्ट पर करोड़ों का गोल्ड पकड़ा: एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे शारजाह से आए यात्री के बैग से 2 किलो तस्करी का सोना बरामद
राजस्थान की राजधानी जयपुर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोना तस्करी के मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया है। आरोपी यात्री के पास से करीब 2 किलो तस्करी का सोना बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 करोड़ 23 लाख रुपए बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी बुधवार 27 मई को शारजाह से जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा था। एयरपोर्ट पर जांच के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद डीआरआई टीम ने उसके सामान की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग में कपड़ों और अन्य सामान के बीच बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया सोना बरामद हुआ।
पेस्ट के रूप में छिपाया गया था सोना
जांच अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने सोने को ट्यूब के अंदर पेस्ट के रूप में छिपा रखा था, ताकि सामान्य स्कैनिंग में पकड़ में न आए। हालांकि डीआरआई अधिकारियों की सतर्कता के चलते तस्करी की यह कोशिश नाकाम हो गई।सोने को खास केमिकल प्रक्रिया के जरिए पेस्ट का रूप दिया गया था। बाद में जांच के दौरान इसे अलग कर शुद्ध सोने के रूप में निकाला गया। अधिकारियों का कहना है कि तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर सोना भारत लाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन एजेंसियां भी हाईटेक तकनीक और खुफिया जानकारी के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
आरोपी से पूछताछ जारी
डीआरआई टीम ने आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इससे पहले उसने कितनी बार इस तरीके से सोना तस्करी की है।सूत्रों के मुताबिक, आरोपी से मिले इनपुट के आधार पर अन्य संदिग्धों पर भी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
लगातार बढ़ रहे हैं सोना तस्करी के मामले
बीते कुछ महीनों में देश के कई एयरपोर्ट्स पर सोना तस्करी के मामलों में तेजी देखी गई है। खासकर खाड़ी देशों से आने वाले यात्रियों के जरिए सोना तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। तस्कर कभी कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक सामान, खाने-पीने की चीजों या बॉडी के अंदर छिपाकर सोना लाने की कोशिश करते हैं।विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में सोने की भारी मांग और आयात शुल्क अधिक होने के कारण तस्कर अवैध तरीके से सोना लाने की कोशिश करते हैं। इससे सरकार को राजस्व का बड़ा नुकसान होता है।
एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई निगरानी
इस मामले के सामने आने के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा और जांच व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। डीआरआई और कस्टम विभाग की टीमें अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रख रही हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ कस्टम एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

