राजस्थान में महाशिवरात्रि की धूम शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, वीडियो में देखें भस्म आरती और महाभिषेक से गूंजा माहौल
राजस्थान में महाशिवरात्रि का पर्व पूरे श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। प्रदेशभर के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। शिवभक्त झूमते-गाते भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। राजधानी जयपुर, उदयपुर, कोटा, जोधपुर और अलवर सहित सभी प्रमुख शहरों में भगवान शिव के मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है।
मंदिरों में भक्त दूध, घी, शहद, जल और बेलपत्र से भगवान शिव का अभिषेक कर रहे हैं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज रहे हैं। डमरू की ध्वनि और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना में लीन नजर आए।
राजधानी जयपुर स्थित प्रसिद्ध ताड़केश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष आयोजन किए गए। यहां रविवार सुबह 3 बजे भस्म आरती और महाभिषेक किया गया। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। तड़के से ही बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए कतार में लगे रहे और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उदयपुर में स्थित प्रसिद्ध एकलिंगनाथजी मंदिर में भी महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। यहां भक्त डीजे की धुनों पर नाचते-गाते और शिव भजन गाते हुए मंदिर पहुंचे। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
वहीं कोटा के शिवपुरी धाम में स्थित 525 शिवलिंग के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। भक्त एक-एक कर सभी शिवलिंगों का जलाभिषेक कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
कोटा शहर में स्थित ऐतिहासिक अमलेश्वर मंदिर के कपाट भी महाशिवरात्रि के अवसर पर खोले गए हैं। करीब 100 साल पुराने इस मंदिर की खास बात यह है कि यहां साल में केवल एक बार, महाशिवरात्रि के दिन ही पूजा-अर्चना होती है। इस कारण इस मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे राजस्थान में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विशेष अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ से सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। पूरा प्रदेश शिवमय हो गया है और हर ओर भक्तिभाव का वातावरण बना हुआ है।

