“लोकतंत्र खतरे में, विपक्ष को खत्म करने की कोशिश हो रही है” वीडियो में जाने अशोक गहलोत का बड़ा बयान
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में विपक्ष को कमजोर और समाप्त करने की कोशिशें की जा रही हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर असर पड़ सकता है।
गहलोत ने कहा कि सांसदों और विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकारें बनाई जा रही हैं, जो लोकतंत्र के लिए ठीक संकेत नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो भारत में भी रूस और चीन की तरह एक ही पार्टी का प्रभुत्व स्थापित हो सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश में संविधान की मूल भावना को कमजोर किया जा रहा है और यदि जनता चुप रही तो आने वाली पीढ़ियां इसे माफ नहीं करेंगी। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनभागीदारी को बेहद जरूरी बताया।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
अशोक गहलोत ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक प्रसूता की किडनी फेल होने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अस्पतालों में डिलीवरी के दौरान महिलाओं की मौतें हो रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस स्थिति के कारण महिलाएं अस्पताल जाने से भी घबराने लगी हैं, जो स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।गहलोत ने इसे सरकार का फेलियर बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की तत्काल आवश्यकता है ताकि आम जनता का भरोसा बना रहे।

