Samachar Nama
×

जयपुर में पैरामेडिकल परीक्षा में नकल की साजिश नाकाम, वीडियो में देंखे कॉलेज संचालक समेत 4 गिरफ्तार; 45 छात्रों को पास कराने का था सौदा

जयपुर में पैरामेडिकल परीक्षा में नकल की साजिश नाकाम, वीडियो में देंखे कॉलेज संचालक समेत 4 गिरफ्तार; 45 छात्रों को पास कराने का था सौदा

जयपुर पुलिस ने पैरामेडिकल परीक्षा में नकल कराने की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो कॉलेजों से जुड़े कॉलेज संचालक, एचओडी (विभागाध्यक्ष) और लेक्चरर शामिल हैं। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर परीक्षा में नकल कराने की योजना को विफल कर दिया।

पुलिस के अनुसार, जयपुर के प्रभा देवी मेमोरियल पीजी कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाकर झुंझुनूं के एक निजी कॉलेज के 45 छात्रों को नकल के जरिए परीक्षा पास कराने की तैयारी थी। इसके लिए दोनों पक्षों के बीच करीब साढ़े पांच लाख रुपये का सौदा तय हुआ था।

फिलहाल खोराबीसल थाना पुलिस गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि झुंझुनूं के एस. करण कॉलेज के ये सभी 45 छात्र प्रथम वर्ष के थे और उनकी बैक (अनुत्तीर्ण विषय) आई हुई थी। इन्हें पास कराने के लिए ही कथित तौर पर यह पूरी साजिश रची गई थी।

पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि योजना के तहत सभी 45 छात्रों को परीक्षा केंद्र के एक ही कमरे में बैठाया जाना था। वहां परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात इनविजिलेटर की मदद से उन्हें प्रश्नपत्र के उत्तर बताए जाने थे, ताकि सभी छात्र आसानी से परीक्षा पास कर सकें।

पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों, परीक्षा केंद्र से जुड़े कर्मचारियों और पूरे नकल नेटवर्क की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस तरह की साजिश पहले भी रची गई थी या नहीं।

Share this story

Tags