लापरवाही पर CM भजनलाल शर्मा ने SMS अस्पताल के अफसरों की लगाई क्लास, सर्जिकल वार्ड में मरीज पर गिरा था प्लास्टर

राजस्थान के जयपुर स्थित सबसे प्रसिद्ध एसएमएस अस्पताल में कल यानी गुरुवार को प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई। मुख्यमंत्री ने देर रात इस पर संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सवाई मानसिंह की घटना को गंभीरता से लिया और शिक्षा सचिव के साथ बैठक की। जिसमें मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।
घटना के बाद शिक्षा सचिव ने वार्ड का निरीक्षण किया
मुख्यमंत्री के साथ बैठक में भाग लेने के बाद शिक्षा सचिव अम्बरीश कुमार ने रात में अस्पताल के सर्जरी विभाग के 3एच वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से बात की और घटना के बारे में विस्तृत जानकारी एकत्र की।
दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई
शिक्षा सचिव के निरीक्षण के बाद प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए सीएओ सियाराम मीना और एईएन अंजू माथुर को उनके पदों से हटा दिया गया है। दोनों अधिकारियों को उनके मूल विभागों में वापस भेज दिया गया है। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी वर्क्स के एमओआईसी डॉ. रशिम कटारिया को भी उनके पद से हटा दिया गया।
क्या माजरा था?
गुरुवार यानी कल सुबह करीब साढ़े दस बजे जयपुर के एसएमएस अस्पताल के सर्जिकल वार्ड की यूनिट-3 में छत के प्लास्टर का एक हिस्सा अचानक गिर गया। इस घटना में दो मरीज घायल हो गए, जिनमें से एक के चेहरे, सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तुरंत ऑपरेशन थियेटर (ओटी) में ले जाया गया और टांके लगाए गए। फिलहाल दोनों मरीजों की हालत स्थिर है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। इस घटना में दो बिस्तर और एक मेज भी क्षतिग्रस्त हो गए।