मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में '11 वर्ष संकल्प से सिद्धि तक' पर की प्रेस कॉन्फ्रेंस

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार दोपहर जयपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में '11 वर्ष संकल्प से सिद्धि तक' विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने भारत की विकास यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सफलता को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें साझा की।
मुख्यमंत्री ने कहा, "भारत के लिए ये 11 साल परिवर्तन, प्रगति और गौरव के रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई महत्वपूर्ण मील के पत्थर पार किए हैं। आज हम गर्व से यह कह सकते हैं कि भारत न सिर्फ उभरती हुई शक्ति बन रहा है, बल्कि हमारा देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।"
प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति मजबूत की है। उनकी नीतियों ने न केवल भारत को आंतरिक रूप से सशक्त किया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की एक नई पहचान बनाई है।"
राष्ट्र की प्रगति में योगदान
उन्होंने यह भी बताया कि इन 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने कई क्षेत्रों में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है, जैसे कि अंतरिक्ष अनुसंधान, रक्षा क्षेत्र, डिजिटल इंडिया, स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार और आर्थिक विकास। शर्मा ने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने देश के गरीबों, किसानों और युवाओं के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनसे देश की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।
आर्थिक प्रगति का जिक्र
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था पर जोर देते हुए कहा, "आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। यह हमारे मजबूत आर्थिक नीतियों और हर क्षेत्र में हो रहे विकास का परिणाम है। भारतीय अर्थव्यवस्था में वृद्धि के साथ ही देश में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं और गरीबी में कमी आई है।"
राजस्थान का विकास
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में मोदी सरकार के सहयोग से कई योजनाओं का क्रियान्वयन किया गया है, जो राज्य के विकास को गति दे रही हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनसे राज्य का विकास सुनिश्चित हुआ है।