भाजपा की जीत के बाद जयपुर में जश्न: मुख्यमंत्री आवास और प्रदेश कार्यालय में दिखा उत्साह, वीडियो में जाने नेताओं ने झालमुड़ी खाकर मनाया विजय उत्सव
पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत और असम में बहुमत हासिल करने तथा पुडुचेरी में एनडीए सरकार बनने के बाद देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी जश्न का माहौल रहा।सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री आवास (CMO) पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मंत्रियों और वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने एकत्र होकर चुनावी जीत का जश्न मनाया। इस दौरान सभी नेताओं ने पारंपरिक नाश्ते झालमुड़ी का आनंद लेते हुए एक-दूसरे को जीत की बधाई दी।
मुख्यमंत्री आवास पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, अशोक परनामी, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, मंत्री मदन दिलावर, हीरालाल नागर, कन्हैया लाल चौधरी, गौतम दक, जोगाराम पटेल, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को चुनावी परिणामों के लिए बधाई दी और पार्टी की सफलता पर खुशी जताई।इस मौके पर विधायक कालीचरण सराफ, मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद मंजू शर्मा, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा सहित अन्य कई नेता भी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल उत्साहपूर्ण और अनौपचारिक रहा, जहां नेताओं ने आपसी बातचीत के साथ जीत का आनंद साझा किया।
इसी क्रम में सोमवार शाम को जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी भव्य जश्न का आयोजन किया गया। पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने तथा पुडुचेरी में एनडीए सरकार बनने की खबरों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया।प्रदेश कार्यालय में ढोल-नगाड़ों, मिठाइयों और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की। इस दौरान नेताओं ने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की जीत है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह परिणाम संगठन की मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के भरोसे का प्रतीक है। वहीं कार्यकर्ताओं ने इसे आने वाले समय में और बड़ी राजनीतिक सफलता का संकेत बताया। कुल मिलाकर, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनावी नतीजों ने भाजपा खेमे में जश्न का माहौल पैदा कर दिया है, जिसकी झलक राजस्थान में भी मुख्यमंत्री आवास से लेकर प्रदेश कार्यालय तक साफ दिखाई दी।

