Samachar Nama
×

जयपुर में कैफे संचालक की 11 दिन बाद मौत, महिला कर्मचारी के दोस्त को टोकने पर किया था हमला; फुटेज में देंखे तीन आरोपी गिरफ्तार

जयपुर में कैफे संचालक की 11 दिन बाद मौत, महिला कर्मचारी के दोस्त को टोकने पर किया था हमला; फुटेज में देंखे तीन आरोपी गिरफ्तार

जयपुर में जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हुए कैफे संचालक मयंक गोपालिया की सोमवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। वे पिछले 11 दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनका ऑपरेशन भी करना पड़ा था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। शुरुआती जांच के अनुसार, महिला कर्मचारी के दोस्त को टोकने को लेकर कैफे संचालक पर हमला किया गया था।मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मयंक की मौत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

कैफे बंद कर घर लौट रहे थे मयंक

पुलिस के अनुसार, घटना 5 नवंबर की रात करीब पौने 10 बजे की है। वैशाली नगर निवासी मयंक गोपालिया वैशाली मार्ग पर 'ओवन द बेकरी' नाम से कैफे चलाते थे। घटना वाली रात वे कैफे बंद करने के बाद पैदल अपने घर लौट रहे थे।इसी दौरान कैफे से कुछ दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपी पीछे से दौड़ते हुए आए और मयंक पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार करने लगे। सिर पर गंभीर चोट लगने से मयंक जमीन पर गिर पड़े।

मरा समझकर मौके से फरार हुए हमलावर

मयंक के जमीन पर गिरने के बाद भी हमलावरों ने उन पर लगातार वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वे मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद हमलावर उन्हें मरा हुआ समझकर वहां से भाग निकले।बताया जा रहा है कि वारदात में शामिल आरोपियों के अन्य साथी बाइक और स्कूटी पर मौके के आसपास मौजूद थे। हमला करने के बाद सभी आरोपी अपने वाहनों से फरार हो गए। घटना के बाद मयंक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

सिर का करना पड़ा था ऑपरेशन

हमले में मयंक के सिर पर गंभीर चोट आई थी। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों को ऑपरेशन करना पड़ा। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती रखा गया, जहां 11 दिनों तक उनका इलाज चलता रहा। सोमवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार

वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। शुरुआती जांच में महिला कर्मचारी के दोस्त को टोकने को लेकर विवाद और हमले की बात सामने आई थी। अब मयंक की मौत के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Share this story

Tags