जयपुर में महिला के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, वीडियो में जाने प्लॉट की सफाई के बहाने सुनसान जगह ले गया आरोपी; रेप की कोशिश का विरोध करने पर पत्थर से हत्या
जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में करीब छह दिन पहले हुई महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने रविवार शाम वारदात के आरोपी को बारां से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला को प्लॉट की सफाई का काम दिलाने के बहाने मजदूरी के लिए सुनसान जगह पर बुलाया था। वहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस ने हत्या के मामले में नीरज को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्यप्रदेश के कटनी जिले के लोनी का रहने वाला है और सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के वाटिका इलाके में किराए पर रहकर मजदूरी करता था।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला को प्लॉट की सफाई कराने के नाम पर मजदूरी देने की बात कहकर अपने साथ लिया था। इसके बाद वह उसे सुनसान स्थान पर ले गया। आरोप है कि वहां आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने पत्थर से उसके सिर और मुंह पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई।
महिला की हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मामला ब्लाइंड मर्डर का होने के कारण पुलिस के सामने आरोपी की पहचान करना बड़ी चुनौती थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक कैमरों की रिकॉर्डिंग को खंगाला। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान नीरज के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे बारां से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस के अनुसार आरोपी के अश्लील फिल्में देखने का आदी होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात से पहले और बाद में आरोपी की गतिविधियां क्या थीं और क्या वह पहले भी किसी आपराधिक घटना में शामिल रहा है।

