जयपुर में बर्थडे पार्टी बनी खूनी वारदात, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे लड़की को थप्पड़ मारने पर दोस्त की चाकू घोंपकर हत्या; 8 आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान की राजधानी जयपुर में बर्थडे पार्टी के दौरान मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मानसरोवर इलाके में एक युवती को थप्पड़ मारने के बाद हुए विवाद में बदमाशों ने अपने ही दोस्त की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों में शामिल दो बदमाश भरतपुर ओपन जेल से फरार होकर जयपुर पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार देर रात आतिश मार्केट स्थित इक्का क्लब में हुई, जहां कुलदीप उर्फ कल्लू गुर्जर के जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। पार्टी में धौलपुर जिले के बखेड़ी निवासी अन्नू गुर्जर भी अपने ममेरे भाई के निमंत्रण पर शामिल होने आया था।
मानसरोवर थाना प्रभारी (SHO) लखन सिंह खटाना ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान अन्नू गुर्जर ने पार्टी में मौजूद एक युवती को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद पार्टी में मौजूद अन्य युवकों और अन्नू के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपियों ने अन्नू गुर्जर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपी ही उसे इलाज के लिए जयपुरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सोमवार शाम मुख्य आरोपी सहित कुल आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल दो बदमाश भरतपुर ओपन जेल से फरार थे और जयपुर में अपने साथियों के साथ पार्टी में शामिल होने आए थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फरार कैदी जयपुर तक कैसे पहुंचे और उनकी गतिविधियों में और कौन-कौन शामिल था।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी साजिश, फरार कैदियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

