जयपुर में महिला को कुचलने की कोशिश, ब्लैक थार से टक्कर मारकर चालक फरार; वीडियो वायरल
जयपुर के मानसरोवर थाना क्षेत्र में ब्लैक थार सवार चालक द्वारा एक महिला को टक्कर मारकर कुचलने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।जानकारी के अनुसार, महिला सड़क पर जा रही थी। इसी दौरान ब्लैक थार सवार चालक ने कथित तौर पर जानबूझकर उसे निशाना बनाते हुए गाड़ी से टक्कर मारने की कोशिश की। टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिर गई। इसके बाद चालक मौके पर रुके बिना थार लेकर फरार हो गया।
वीडियो में टक्कर मारकर भागती दिखी थार
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। वायरल वीडियो में थार गाड़ी महिला को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। इसके बाद चालक मौके से फरार हो जाता है। घटना के बाद घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज
शुरुआत में पुलिस ने बताया था कि घटना को लेकर कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है और वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। बाद में पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मानसरोवर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद के अनुसार, पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि थार गाड़ी का नंबर पता लगाया जा सके और आरोपी चालक की पहचान की जा सके।
आरोपी चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आएंगे।

