जयपुर में प्रॉपर्टी ऑफिस पर हमला: 3 भाइयों को लाठी-सरियों से पीटा, स्कॉर्पियो में की तोड़फोड़; CCTV आया सामने
राजस्थान की राजधानी जयपुर में दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी ऑफिस में घुसकर तीन भाइयों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने लोहे की रॉड और लाठियों से तीनों भाइयों की बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, ऑफिस के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। हमलावरों की पूरी करतूत मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। यह घटना 13 जुलाई की बताई जा रही है, जबकि शुक्रवार को इसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
15 से 20 बदमाशों ने बोला धावा
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि 15 से 20 से अधिक बदमाश एक साथ प्रॉपर्टी ऑफिस में घुसते हैं। उनके हाथों में लोहे के सरिए, रॉड और लाठियां थीं। ऑफिस में घुसते ही उन्होंने तीनों भाइयों पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।हमलावरों ने किसी को संभलने का मौका नहीं दिया और लगातार लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से वार करते रहे। घटना के दौरान ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई।
एक भाई के सिर से उखाड़ दिए बाल
हमले के दौरान बदमाशों की क्रूरता भी सामने आई। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान एक भाई के सिर से बाल तक उखाड़ दिए। तीनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
स्कॉर्पियो में भी की जमकर तोड़फोड़
मारपीट के बाद आरोपियों ने ऑफिस के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो को भी निशाना बनाया। लाठी-सरियों से वाहन के शीशे और अन्य हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए।
CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश
भांकरोटा थाना प्रभारी श्रीनिवास जांगिड़ ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एएसआई मुकेश चतुर्वेदी को सौंपी गई है।पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे पुरानी रंजिश या प्रॉपर्टी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।फिलहाल, पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने राजधानी जयपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

