ATS की बड़ी कार्रवाई, वीडियो में जाने लॉरेंस विश्नोई गैंग का एक्टिव मेंबर गिरफ्तार; घर से कारतूस बरामद
राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने अवैध हथियारों और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस विश्नोई गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। ATS टीम ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ा और उसके घर से छिपाकर रखे गए कारतूस भी बरामद किए हैं।गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार उर्फ मोंटी निवासी कुशलपुरा सामोद के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई गैंग के सदस्यों के सीधे संपर्क में था और गैंग की गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल था।
ATS अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के घर पर छापेमारी के दौरान सीढ़ियों के नीचे बने एक छिपे स्थान से कारतूस बरामद किए गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध हथियारों की सप्लाई और गैंग के लिए स्थानीय स्तर पर नेटवर्क तैयार करने में भी भूमिका निभा रहा था।सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद ATS ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी से गैंग के अन्य सदस्यों, हथियार सप्लाई नेटवर्क और विदेश में बैठे गैंगस्टरों से जुड़े संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी के जरिए गैंग के कई और लिंक सामने आ सकते हैं। ATS अब उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है।राजस्थान में हाल के दिनों में गैंगस्टर नेटवर्क और अवैध हथियारों के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही हैं। ATS अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में कई अन्य खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

