जयपुर में एटीएम ठगी गैंग का पर्दाफाश, वीडियो में देखें SVS गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
राजधानी जयपुर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से चल रही जांच और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद अंजाम दिया गया।
Jaipur पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से बुजुर्गों और असहाय लोगों को निशाना बनाता था। आरोपी एटीएम बूथ के बाहर या अंदर खड़े होकर पहले लोगों की मदद करने के बहाने उनसे संपर्क करते थे और फिर चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लेते थे। इसके बाद खातों से रकम निकाल ली जाती थी।
पुलिस ने इस मामले में करीब 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का नेटवर्क हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में फैला हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गैंग “SVS” नाम से काम करता था, जिसमें सोनू, वीरेंद्र और सद्दाम शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गैंग के सदस्य पहले आपस में योजना बनाते थे और फिर किसी शहर को टारगेट कर वहां पहुंच जाते थे।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी Bharatpur के सेवर क्षेत्र में एक तिराहे के पास इकट्ठा होते थे और वहीं से वारदात की पूरी योजना बनाई जाती थी। इसके बाद वे अलग-अलग शहरों में जाकर एटीएम बूथों के बाहर खड़े होकर विशेष रूप से बुजुर्ग महिला और पुरुषों को निशाना बनाते थे।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था और वारदात के बाद तेजी से फरार हो जाता था, जिससे उन्हें पकड़ना चुनौतीपूर्ण था। लेकिन तकनीकी निगरानी और लगातार जांच के चलते आखिरकार पुलिस को सफलता मिली।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और कितनी रकम की ठगी की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि एटीएम इस्तेमाल करते समय किसी अजनबी की मदद न लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

