राजस्थान बीज निगम में 2.45 करोड़ के कथित घूसकांड का खुलासा, वीडियो में जाने ACB की जांच में कई बड़े नामों का जिक्र
राजस्थान में नकली बीज से जुड़े एक बड़े कथित घोटाले ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। आरोप है कि 15 करोड़ रुपये के सीज नकली बीज को गुजरात वापस भेजने और आरोपियों पर कार्रवाई न करने के बदले करोड़ों रुपये की रिश्वत ली गई।जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले में कुल 2 करोड़ 45 लाख 17 हजार 810 रुपये की घूस लेने का आरोप सामने आया है। यह मामला अब राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Anti-Corruption Bureau Rajasthan) की जांच के दायरे में है।
इस केस में राजस्थान राज्य बीज निगम के तत्कालीन डायरेक्टर जुगल किशोर सहित कुल छह आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। गंभीर आरोपों के चलते जुगल किशोर को डायरेक्टर पद से हटा दिया गया है।एफआईआर में एक मंत्री और एक डॉक्टर के नाम का भी उल्लेख होने की बात सामने आई है, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर किसी भी नाम की पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, इस कथित घोटाले से जुड़ी कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई हैं, जिनमें बातचीत के जरिए पूरे मामले की परतें खुलने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इन रिकॉर्डिंग्स में लेन-देन और कार्रवाई को प्रभावित करने से जुड़ी बातें शामिल हैं।वहीं, इस मामले को लेकर एसीबी की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि बीकानेर में आरोपी के घर हुई छापेमारी से जुड़े कुछ तथ्यों को जांच एजेंसी द्वारा छिपाया गया है। हालांकि, इस आरोप की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल एसीबी सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और मामले से जुड़े दस्तावेज, कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। यह पूरा प्रकरण अब राज्य के बड़े भ्रष्टाचार मामलों में से एक माना जा रहा है, जिस पर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी नजर बनी हुई है।

