जयपुर नगर निगम में ACB का ट्रैप, फुटेज में देंखे 6 हजार की रिश्वत लेते पशुधन निरीक्षक गिरफ्तार
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम से जुड़े एक अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को जयपुर नगर निगम क्षेत्र में ट्रैप कार्रवाई करते हुए एक पशुधन निरीक्षक को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।गिरफ्तार किए गए अधिकारी की पहचान सुरेंद्र कुमावत के रूप में हुई है, जो पशुधन निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। आरोप है कि उन्होंने एक दुकान का लाइसेंस जारी करने के एवज में परिवादी से अवैध रूप से पैसे की मांग की थी।
सूत्रों के अनुसार, परिवादी ने इस पूरे मामले की शिकायत ACB से की थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि लाइसेंस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बदले अधिकारी द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और उसके बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की।योजना के तहत जैसे ही परिवादी ने आरोपी अधिकारी को 6 हजार रुपये की राशि सौंपी, उसी समय ACB की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
इस कार्रवाई के बाद नगर निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया। अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।ACB अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस मामले में और कोई अधिकारी या कर्मचारी शामिल है।
गौरतलब है कि राजस्थान में हाल के समय में ACB लगातार रिश्वतखोरी के मामलों में कार्रवाई कर रही है, जिससे सरकारी विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

