Samachar Nama
×

जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में गुरुवार सुबह भीषण आग ने मचाई अफरा-तफरी, फुटेज में देंखे 20 से ज्यादा दुकानें चपेट में

जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में गुरुवार सुबह भीषण आग ने मचाई अफरा-तफरी, फुटेज में देंखे 20 से ज्यादा दुकानें चपेट में

राजधानी जयपुर के व्यस्त त्रिपोलिया बाजार में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मणिहारों का कटला स्थित सेठी कॉम्प्लेक्स में सुबह करीब 7 बजे आग लगी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दूसरी मंजिल पर कपड़ों की दुकान के बाहर कार्टन में रखे सामान में आग लगी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की 20 से ज्यादा दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। कॉम्प्लेक्स में कपड़ों के गोदाम, प्लास्टिक का सामान रखने वाली दुकानें और चूड़ी-बैंगल्स की दुकानें हैं। इन दुकानों में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील और आग तेजी से पकड़ने वाला सामान रखा होने के कारण आग लगातार फैलती चली गई। आग की ऊंची लपटों और घने धुएं के कारण आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया।

सुभाष चौक से चांदपोल तक दिखाई दिया धुआं

आग इतनी भीषण थी कि इससे उठता काला धुआं सुभाष चौक से लेकर चांदपोल तक दिखाई दे रहा था। बाजार में सुबह के समय आग लगने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे। हालांकि आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर रखने की कोशिश की।मौके से कुछ ही दूरी पर माणक चौक थाना स्थित है। पुलिसकर्मियों ने कॉम्प्लेक्स से धुआं उठता देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश शुरू की। पुलिस ने आग बुझाने के साथ-साथ आसपास की दुकानों और बाजार में मौजूद लोगों की सुरक्षा को लेकर भी कार्रवाई शुरू की।

15 से ज्यादा दमकल गाड़ियां जुटीं

आग की सूचना के बाद दमकल विभाग को भी जानकारी दी गई। सुबह करीब 8 बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए 15 से ज्यादा दमकल गाड़ियां लगातार प्रयास कर रही हैं। संकरी गलियों और कॉम्प्लेक्स की तंग जगह के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।दुकानों में कपड़े, प्लास्टिक और अन्य सामान बड़ी मात्रा में रखा होने के कारण आग तेजी से फैलने की बात सामने आई है। दमकलकर्मी अलग-अलग स्थानों से पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने में जुटे हैं।

बिजली सप्लाई बंद, फायर सेफ्टी उपकरण भी बंद पड़े

सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है। वहीं कॉम्प्लेक्स में फायर सेफ्टी के लिए लगाए गए उपकरण भी बंद पड़े होने की जानकारी सामने आई है। इससे आग बुझाने के शुरुआती इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।फिलहाल दमकल की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई हैं। आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

Share this story

Tags